Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिले के प्रमुख निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

NBPNEWS/मोहला, 15 दिसंबर 2025।
नवगठित जिला मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी में अधोसंरचना विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्वीकृत विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल जिले के समग्र विकास को गति मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध होंगी।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के कुशल निर्देशन में जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर ने आज विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, उपयोग में लाई जा रही सामग्री, कार्य की वर्तमान स्थिति तथा प्रगति में आ रही बाधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर प्रजापति ने संयुक्त जिला कार्यालय, न्यू सर्किट हाउस, कन्या कॉलेज, पीडब्ल्यूडी क्वार्टर एवं कार्यालय, पशुपालन कार्यालय, लाइवलीहुड कॉलेज, वीवीपैट, आईटीआई, ट्रांजिट हॉस्टल, आवासीय सह-विद्यालय सहित अन्य प्रमुख निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब या गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं इंजीनियरों को निर्देशित किया कि सभी लंबित एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्य जनहित से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। इसलिए गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए जन उपयोगिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी परियोजनाएं समय पर पूर्ण की जाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ