Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

धान खरीदी प्रक्रिया हुई सरल: तूहर टोकन ऐप अब 24×7 उपलब्ध, किसानों को बड़ी राहत

NBPNEWS/मोहला, 15 दिसंबर 2025।
प्रदेश सरकार ने धान खरीदी को किसानों के लिए और अधिक आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम उठाया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तूहर टोकन ऐप को अब 24×7 (दिन-रात) खोल दिया गया है। अब टोकन काटने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता नहीं रहेगी और किसान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय टोकन बुक कर सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के तहत किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे धान विक्रय की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी, साथ ही टोकन काटने के दौरान होने वाली भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
राज्य सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों को विशेष राहत देते हुए एक और अहम निर्णय लिया है। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसान अब 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन ले सकेंगे। यह सुविधा मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदान की गई है, ताकि छोटे किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए टोकन की अतिरिक्त समय-सीमा वास्तविक राहत प्रदान करेगी। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।”
राज्य सरकार के इस निर्णय से धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को समय, सुविधा एवं विश्वास—तीनों का लाभ मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ