NBPNEWS/मोहला, 5 दिसंबर 2025। जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष बनाए रखने कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। ग्राम बहोरनभेड़ी के किसान देवीलाल साहू की शिकायत पर धान उपार्जन केंद्र छछानपहरी के प्रभारी गिरधर साहू को निलंबित कर दिया गया है।
किसान की शिकायत पर तुरंत हुई जांच
किसान देवीलाल साहू ने 02 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने 24 नवंबर को धान बेचने उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान तौल कराया, परंतु केंद्र प्रभारी गिरधर साहू ने नमी का बहाना बनाते हुए उनसे 10 कट्टा धान नमी की भरपाई के नाम पर रोक लिया। किसान ने इसे अनियमितता मानते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर प्रजापति ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त सहकारिता अनिल कुमार, खाद्य अधिकारी दिलीप प्रधान तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी एस.एल. ठाकुर को तत्काल जांच के निर्देश दिए। टीम ने उसी दिन उपार्जन केंद्र में पहुंचकर किसान की उपस्थिति में जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद किसान को उसके 10 बोरी धान वापस कराए गए।
प्रभारी निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
जांच रिपोर्ट के आधार पर समिति के प्राधिकृत अधिकारी जीवनलाल भुआर्य को दोषी प्रभारी गिरधर साहू के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। 4 दिसंबर को समिति की बोर्ड बैठक में गिरधर साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए समिति प्रबंधक एवं धान खरीदी प्रभारी पद से हटा दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
किसानों की सुविधा और खरीदी व्यवस्था में बाधा न हो, इसके लिए समिति ने विक्रेता राकेश गिर गोस्वामी को नया समिति प्रबंधक एवं धान खरीदी प्रभारी नियुक्त किया है।
कलेक्टर की अपील— साफ-सुथरा और अच्छी तरह सुखाया धान ही बेचें
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि—
धान को पूरी तरह साफ-सुथरा करें,अच्छी औसत गुणवत्ता वाला धान लेकर आएं,धान को पर्याप्त रूप से सुखाकर ही बेचने जाएं,ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी भी तरह की दिक्कत न हो।
प्रशासन की यह त्वरित कार्रवाई किसानों के हितों की रक्षा और पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
0 टिप्पणियाँ