Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा का उत्सव: डी. एन. टी. पब्लिक स्कूल में “SANGAM” वार्षिकोत्सव सम्पन्न

NBPNEWS/मोहला,22 दिसंबर 2025
श्री धर्मनाथ तिवारी स्मृति सेवा समिति, मोहला द्वारा संचालित डी. एन. टी. पब्लिक स्कूल, मोहला में विद्यालय की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष के तहत वार्षिकोत्सव “SANGAM” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह समारोह विद्यालय की 25 वर्षों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और मूल्य-आधारित यात्रा का उत्सव रहा, जिसमें परंपरा और आधुनिकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण एवं गौरवपूर्ण क्षण विद्यालय के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय श्री धर्मनाथ तिवारी जी की स्मृति-प्रतिमा का अनावरण रहा। यह अनावरण माननीय अतिथियों की उपस्थिति में तिवारी परिवार—धर्मपत्नी आदरणीय इंद्रमती तिवारी जी, पुत्र अजय तिवारी जी, पुत्रवधू बीना तिवारी जी सहित समस्त परिवार के सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने स्व. तिवारी जी को शिक्षा और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह के मुख्य अतिथि इन्द्रशाह मंडावी, विधायक मोहला-मानपुर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नम्रता सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ने की। विशिष्ट अतिथियों में हेमेन्द्र भुआर्य ज्वाइंट कलेक्टर एवं एसडीएम मोहला, पीलालाल देशमुख, बीआरसी मोहला, गजेंद्र पुरामें सरपंच ग्राम पंचायत मोहला,लक्ष्यमेंद्र शाह पानाबरस राज, नारायणलाल खंडेलवाल, संजय जैन (प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी), सीमा वर्मा (प्राचार्य सेजेस मोहला), मलेश मलेकर (संकुल समन्वयक मोहला-1), दिलीप सिंगने,  , बी. एस. पाटिल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकनृत्य, आधुनिक नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से “SANGAM” थीम को प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया गया। भारत के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही माता-पिता एवं दादा-दादी/नाना-नानी और बच्चों के भावनात्मक संबंधों पर आधारित प्रस्तुति तथा मोबाइल की बढ़ती लत जैसे समसामयिक विषय पर केंद्रित संदेशात्मक नाट्य ने समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास किया। अंत में जसगीत की भक्तिमय प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।

अतिथियों के उद्बोधन में विद्यालय के शैक्षणिक एवं संस्कार-आधारित प्रयासों की सराहना की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने विद्यालय की निरंतर प्रगति को अंचल के लिए प्रेरणादायी बताया। मुख्य अतिथि विधायक इन्द्रशाह मंडावी ने डी. एन. टी. पब्लिक स्कूल को क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सशक्त केंद्र बताते हुए विद्यालय परिवार को रजत जयंती की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या बीना तिवारी जी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, मूल्य-आधारित शिक्षा और भविष्य की योजनाओं का संक्षिप्त व प्रभावी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम का सुसंगठित एवं प्रभावशाली संचालन विद्यालय के उपप्राचार्य सौरभ यादव द्वारा किया गया। शिव आराधना के साथ आरंभ हुए इस समारोह ने शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संगम का सजीव उदाहरण प्रस्तुत करते हुए डी. एन. टी. पब्लिक स्कूल की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को नई दिशा प्रदान की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ