Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर खडग़ांव में 200 से अधिक हितग्राही लाभान्वित


NBPNEWS/मोहला, 13 दिसंबर 2025।
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा सीएसआर योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन खडग़ांव में किया गया। शिविर में लौह अयस्क समूह दल्ली राजहरा, दुलकी खदान भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी), स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) का विशेष सहयोग रहा।
शिविर का शुभारंभ करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि यह आयोजन सशक्त और समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शारीरिक दिव्यांगता व्यक्ति की गति को भले ही सीमित करे, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति को कभी नहीं रोक सकती। सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के सपनों को पंख देने का कार्य करेंगे। उन्होंने समाज से अपील की कि जरूरतमंदों के सहयोग के लिए सभी आगे आएं, ताकि समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सामान्य जीवन जीने का अधिकार है। इसी उद्देश्य से पहले परीक्षण शिविर आयोजित कर कार्ययोजना बनाई गई थी। परीक्षण के आधार पर चिन्हांकित दिव्यांगजनों को आज सहायक उपकरण वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि ग्रामवार दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर सूची तैयार की गई है तथा स्वरोजगार से जुड़ने के इच्छुक दिव्यांगजनों को कौशल विकास में प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों के लगभग 200 वृद्ध एवं दिव्यांगजनों को हस्तचलित एवं मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग, श्वेत एवं सामान्य छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस अवसर पर उप स्वास्थ्य केंद्र खडग़ांव में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने बाइक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
कार्यक्रम में दिव्यांग कलाकारों ने डांस, गायन जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच ‘पुरवईया झमाझम पेंदाकोड़ा’ के कलाकारों ने लोकनृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया तथा नशा मुक्ति पर प्रभावी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया।
इसके साथ ही शिविर में दिव्यांगजनों के लिए खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मटका फोड़, कुर्सी दौड़, गोला फेंक और गोली-चम्मच जैसी प्रतियोगिताओं में पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और पुरस्कार प्राप्त किए।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष जिला पंचायत भोजेश शाह मांडवी, जनपद पंचायत मानपुर अध्यक्ष पुष्पा मांडवी, जिला पंचायत सदस्य  रेखा कोठारी, जनपद पंचायत सदस्य साहिदा खान, सरपंच ग्राम पंचायत खडग़ांव रमिला धुर्वे, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बीएसपी-सेल के अधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

यह शिविर प्रशासन, उद्योग और समाज के साझा प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिसने दिव्यांगजनों के जीवन को आत्मनिर्भरता और सम्मान की नई दिशा दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ