NBPNEWS/जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के लिए बीता दिवस अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। बिहान योजना के अंतर्गत डिजिटल फाइनेंस सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य कर रही ग्राम मुकादहा की बीसी सखी श्रीमती नागेश्वरी सिन्हा को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के मिशन संचालक अश्वनी देवांगन द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार, नागेश्वरी सिन्हा ने पिछले छह माह में 24 लाख 52 हजार 100 रुपए से अधिक का डिजिटल लेनदेन कर लगभग 50 हजार रुपए की आय अर्जित की है। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
यह सम्मान उन्हें गत दिवस रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित राज्य स्तरीय डिजिटल फाइनेंस कार्यशाला एवं सम्मान समारोह में दिया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर की उत्कृष्ट बीसी सखियों को मंच से सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद नागेश्वरी सिन्हा ने ग्राम पंचायत मुकादहा, मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह एवं बिहान योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि योजना से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। गांव में विधवा पेंशन, नकद निकासी, राशि जमा, डिजिटल भुगतान सहित अन्य वित्तीय सेवाओं के माध्यम से वे ग्रामीणों को निरंतर सहयोग दे रही हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनिल कपूर सहित बिहान योजना के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। श्रीमती नागेश्वरी ने सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए सीएससी संस्था का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
यह सम्मान जिले के लिए गौरव का विषय बना हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों ने भी नागेश्वरी सिन्हा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
0 टिप्पणियाँ