शारदीय नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय मोहला में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नगर के प्रसिद्ध फौव्वारा चौक स्थित शारदा मित्र मंडल द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी माँ सरस्वती माता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए माँ सरस्वती की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
शनिवार को मां सरस्वती पंडाल में विधि-विधान से हवन पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मंत्रोच्चार और श्रद्धा भक्ति के वातावरण में पूजा संपन्न हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां सरस्वती से ज्ञान, विवेक और समृद्धि की कामना की। फौव्वारा चौक का पूरा क्षेत्र भक्तिमय संगीत, देवी भजनों और रोशनी से जगमगा उठा। देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और रात 10 बजे के बाद भी भंडारे का कार्यक्रम उत्साहपूर्वक जारी रहा।
शारदा मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन नगर की परंपरा और एकता का प्रतीक है। हर वर्ष नवरात्र के दौरान मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापना के माध्यम से धार्मिक उत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
भक्ति, संस्कृति और समाजसेवा का संगम बना यह आयोजन मोहला नगर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और उत्साह का प्रमुख केंद्र बना रहा।
0 टिप्पणियाँ