Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कलेक्टर का बड़ा फैसला: स्कूली बच्चों पर बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर सख्ती, स्कूलों के आसपास पान-गुटखा दुकानों पर लगेगी रोक

NBPNEWS/मोहला, 19 सितंबर 2025। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

स्कूली बच्चों पर कलेक्टर का सख्त रुख

कलेक्टर ने कहा कि बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले स्कूली बच्चों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को भी जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी, ताकि नाबालिग बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।

स्कूलों के आसपास पान-गुटखा पर रोक

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्कूल परिसरों के आसपास पान-गुटखा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित की जाएगी। इस पर दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यह कदम बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों के लिए आवश्यक है।

महिलाओं की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर भी चर्चा

कलेक्टर ने कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु पॉश एक्ट की समीक्षा की और प्रत्येक विभाग में आंतरिक शिकायत समिति गठन के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने अवैध रेत उत्खनन, शराब बिक्री और आवारा पशुओं के प्रबंधन पर लगातार कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

एसपी के निर्देश

एसपी यशपाल सिंह ने थाना प्रभारियों को खेतों में लगाए गए असुरक्षित तारों को हटाने, विद्युत विभाग से समन्वय करने और ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवरात्र के दौरान मंदिरों में प्रकाश, पेयजल और मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

बाल अपराध और साइबर सुरक्षा

कलेक्टर ने महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों की समीक्षा करते हुए ऐसे मामलों में तत्काल अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को थानावार कार्ययोजना बनाकर स्कूलों में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और बाल अपराध रोकथाम पर जागरूकता अभियान चलाने को कहा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ