मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रमुख मांगें पूर्ण होने पर आभार व्यक्त करते हुए प्रदेशव्यापी हड़ताल समाप्त करने की जानकारी दी। संघ ने बताया कि कल से प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारी काम पर लौटेंगे।
मुख्यमंत्री ने एनएचएम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम सराहनीय है और राज्यहित में लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार हर कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति हमेशा संवेदनशील रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस निर्णय से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और मज़बूत होंगी तथा जनता को उत्कृष्ट और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ एक और बेहतर, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ेगा।
उल्लेखनीय है कि एनएचएम कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। इनमें से चार मांगों को राज्य सरकार ने पूरा कर दिया है। तीन अन्य मांगों पर समिति गठित कर कार्यवाही प्रारंभ की गई है, जबकि संविलयन, पब्लिक हेल्थ कैडर और आरक्षण से जुड़ी मांगों पर अंतिम निर्णय भारत सरकार द्वारा लिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी हड़ताल समाप्त होने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों का यह निर्णय राज्यहित में महत्वपूर्ण है और इससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक किरण देव, छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ से डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, दिनेश चंद्र, संतोष चंदेल, प्रफुल्ल पाल, डॉ. देवकांत चतुर्वेदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
#छत्तीसगढ़ #एनएचएम #हड़तालसमाप्त #विष्णुदेवसाय #स्वास्थ्यसेवाएं #NHMEmployees #ChhattisgarhNews #PublicHealth #रायपुर #BreakingNews #nbpnews #mohla #manpur
0 टिप्पणियाँ