शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला वागिनसुर में रजत जयंती वर्ष 2025-26 के उपलक्ष्य में स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों एवं शिक्षकों ने मिलकर स्वच्छता रैली निकाली और चौक-चौराहों की साफ-सफाई की। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नारे लगाकर ग्रामवासियों को स्वच्छता का महत्व समझाया और गांव को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुड मेनर एक्टिविटी रहा, जिसमें बच्चों ने स्वच्छता से जुड़े अभिनय, संदेश और छोटे-छोटे नाटक प्रस्तुत किए। बच्चों ने ग्रामवासियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पर्यावरण की सफाई तथा अच्छे आचरण की महत्ता से अवगत कराया। इस गतिविधि का उद्देश्य ग्रामीणों में साफ-सफाई और अच्छे व्यवहार के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक नंद कुमार साहू के मार्गदर्शन में यह एक्टिविटी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बच्चों को समझाया कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज और देश के विकास की नींव है। पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक श्री प्रवीण ठाकुर और शिक्षिका श्रीमती ज्योति नेताम ने भी सक्रिय सहभागिता दी और बच्चों को प्रेरित किया।
इसके अलावा रसोईया, स्वीपर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं पालकगण ने भी इस अभियान में अपना योगदान दिया। उनकी उपस्थिति और सहयोग से कार्यक्रम और अधिक प्रभावी बना। ग्रामवासियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए एक शैक्षिक अनुभव साबित हुआ, बल्कि ग्रामीण समाज को भी जागरूक करने का माध्यम बना। इससे यह संदेश स्पष्ट हुआ कि यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें, तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
0 टिप्पणियाँ