जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा ग्राम चिल्हाटी (थाना चिल्हाटी) और ग्राम भोजटोला (थाना मोहला) में साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करना और समय पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि कोई साइबर ठगी या ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो, तो वे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, सिम फ्रॉड, एटीएम/डेबिट कार्ड फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, म्यूल अकाउंट, फर्जी कस्टमर केयर नंबर जैसे आम साइबर अपराधों से बचने के उपाय विस्तार से समझाए।
ग्राम भोजटोला में लगभग 45–50 ग्रामीण और ग्राम चिल्हाटी में 80–90 ग्रामीण कार्यक्रम में उपस्थित रहे। दोनों जगहों पर ग्राम सरपंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम में थाना मोहला से ASI ताज खान, C-500 थामेंद्र साहू, LC-337 रजनी गबेल, HC-82 तामेश्वर मंडावी, C-399 वीरेंद्र रजक और थाना चिल्हाटी से ASI मनोज शुक्ला, HC-36 सुनील कुमार लहरे, LHC-39 सरिता टाराम सहित साइबर पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा।
भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा जारी SOP के निर्देशानुसार, जिला पुलिस ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार साइबर जनजागरूकता अभियान चला रही है। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (भा.पु.से), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ।
पुलिस का संदेश:
“आज के डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। यदि हम सतर्क रहेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे, तभी साइबर अपराधियों के इरादों को विफल किया जा सकता है।”
0 टिप्पणियाँ