NBPNEWS/मोहला, 29 सितंबर 2025।
नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला मुख्यालय मोहला के पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध छुरिया देवी मंदिर पहुंचकर मां छुरिया देवी का दर्शन किया और आरती में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने जिले के नागरिकों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कलेक्टर प्रजापति ने मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
मंदिर दर्शन के पश्चात कलेक्टर ने दुर्गा चौक में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर चर्चा करते हुए उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत चल रहे स्वच्छता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वच्छ मोहला के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, एसडीएम मोहला हेमेंद्र भुआर्य और डिप्टी कलेक्टर दुकालू राम ध्रुव भी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ