पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय विधायक इंद्र शाह मंडावी सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे। दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
भूपेश बघेल का काफिला डोंगरगढ़ से छुरिया होते हुए अंबागढ़ चौकी और कौड़ीकसा पहुंचा, जहां स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कौड़ीकसा में विधायक इंद्र शाह मंडावी और पूर्व विधायक तेजकुवर नेताम सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया । रविवार दोपहर 3:25 बजे भूपेश बघेल पटेली पहुंचे, जहाँ उन्होंने शीतला माता के दर्शन किए और ग्रामीणों से मुलाकात की। इसके बाद ग्राम पंचायत मार्री में मां शीतला मंदिर में दर्शन किए और जशगीत के प्रतिभागियों से भी बातचीत की।
अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “50 रुपए का बिजली बिल अब 500 रुपए देना पड़ रहा है, डबल इंजन की सरकार की पिस्टन खराब हो चुकी है और इंजन धुआं दे रही है।”
उन्होंने किसानों की समस्याओं को गिनाते हुए कहा कि यूरिया की अनुपलब्धता से किसानों को 2500 रुपए तक अधिक मूल्य चुकाना पड़ रहा है। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि “सरकार की सभी योजनाएं ठप्प पड़ी हैं, पंचायत स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा, सिर्फ मधुशाला ही चला पा रही है सरकार।”
नक्सल समस्या पर भी उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने नक्सलियों की भर्ती बंद करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और वनाधिकार जैसी योजनाएं लागू की थीं। लेकिन वर्तमान सरकार गोली का जवाब गोली से दे रही है, जिसके चलते नक्सली अब जंगल से शहर की ओर बढ़ रहे हैं, जो कि बेहद चिंताजनक है।
इस दौरान विधायक इंद्र शाह मंडावी ने कांग्रेस शासन की उपलब्धियों को याद करते हुए कहा कि “भूपेश बघेल के नेतृत्व में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को जिला बनाया गया। तीन तहसील, आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल, धान खरीदी केंद्र, पुल-पुलिया और सड़क निर्माण से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला। वर्षों से अंधेरे गांवों में बिजली पहुँची और प्रशासन आम जनता के करीब आया।”
दौरे के दौरान भूपेश बघेल भोजटोला, फुलकोहडो समेत कई गांवों में देर रात तक कार्यक्रमों में शामिल हुए और आम जनता व कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
0 टिप्पणियाँ