Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मड़ियानवाड़वी में बाल दिवस और बिरसा मुंडा जयंती पर सजा उत्सव का रंग, बाल-विज्ञान-कृषि मेले में 300 से अधिक बच्चों ने दिखाई प्रतिभा


 

टीएलएम, विज्ञान प्रदर्शनी, पारंपरिक कृषि उपकरणों और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल बने आकर्षण का केंद्र; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, बच्चों की रचनात्मकता और हुनर को मिला मंच

NBP NEWS / मोहला / 18 नवंबर 2026

विकासखंड मोहला के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम मड़ियानवाड़वी में बाल दिवस एवं जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बुधवार, 18 नवंबर 2026 को उत्साह, उमंग और उल्लास के बीच भव्य बाल मेला, विज्ञान मेला एवं कृषि मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह की रौनक बढ़ा दी। आयोजन में ग्राम मड़ियानवाड़वी, खड़कापारा एवं मड़ियानडीह के लगभग 300 से अधिक स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक कौशल का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में विद्यार्थियों ने शैक्षणिक शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम), विज्ञान प्रदर्शनी, पारंपरिक एवं विलुप्त होती जा रही कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी तथा बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और योगदान पर आधारित आकर्षक पंडाल सजाए। इन प्रदर्शनों के माध्यम से बच्चों ने शिक्षा, विज्ञान, कृषि और आदिवासी इतिहास एवं संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

बाल मेले में बच्चों ने संभाली व्यवसाय की कमान

बाल मेले का सबसे आकर्षक पहलू बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न खाद्य एवं व्यंजन स्टाल रहे। विद्यार्थियों ने चना-मुर्रा, गुपचुप, चाट, समोसा, सब्जी, नाश्ता सहित अनेक स्वादिष्ट पकवानों के स्टाल लगाए। बच्चों ने स्वयं स्टालों का संचालन करते हुए खरीद-बिक्री, लेन-देन, ग्राहकों से संवाद और व्यवसाय प्रबंधन की बारीकियों को समझा। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुए।

मेले में पहुंचे अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों के स्टालों से जमकर खरीदारी की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी देखते ही बन रही थी। पूरे परिसर में मेले जैसा उत्सवी माहौल बना रहा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद

आयोजन के अंतिम चरण में आंगनबाड़ी से लेकर हाईस्कूल स्तर तक के बच्चों ने बाल दिवस और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सामूहिक सहभागिता, आत्मनिर्भरता, वैज्ञानिक सोच और स्थानीय परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान करता नजर आया। वहीं, पारंपरिक कृषि उपकरणों और बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और इतिहास से परिचित कराने की सराहनीय पहल की गई।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर ग्राम सरपंच सुंदाय बाई धुर्वे, शिक्षाविद् लगनूराम चंद्रवंशी, कुन्दन लाल धुर्वे, लक्ष्मण सोरी, प्राचार्य राजेन्द्र कुमार देवांगन, संकुल शैक्षिक समन्वयक बंशीलाल निषाद, प्रधानपाठक धनसिंह कुंजाम, प्रधानपाठक मोरध्वज साहू, शंकुराम जाड़े, सन्तलाल जाड़े, सुशील कुमार हिड़ामे, शीला रामटेके सहित अन्य सम्मानित सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ