वीर शहीद गेंदसिंह नायक स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन; विजेता साल्हेभट्टी को ₹10,001, उपविजेता चिंचवाही को ₹7,001 और धनोरा को मिला तृतीय पुरस्कार
NBP NEWS | औंधी। 22 अक्टूबर 2026
औंधी। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम चिंचवाही में लिटिल स्टार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित वीर शहीद गेंदसिंह नायक स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का उत्साह, रोमांच और खेल भावना के बीच भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में साल्हेभट्टी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान चिंचवाही को शिकस्त दी और खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को ₹10,001 नकद एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता चिंचवाही की टीम को ₹7,001 नकद एवं ट्रॉफी, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महाराष्ट्र के धनोरा की टीम को ₹4,001 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों में बना रहा उत्साह
प्रतियोगिता में अंचल की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया और मैदान पर अपने खेल कौशल, बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी का दमदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। हर मुकाबले में जीत के लिए टीमों ने पूरा जोर लगाया, वहीं बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गुडारास की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 6 ओवरों में साल्हेभट्टी के सामने 69 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साल्हेभट्टी की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज एक विकेट खोकर 3.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और सेमीफाइनल में जगह बना ली।
सेमीफाइनल में भी साल्हेभट्टी ने दिखाया दम
सेमीफाइनल मुकाबले में साल्हेभट्टी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 रन बनाए और धनोरा की टीम के सामने 50 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनोरा की टीम साल्हेभट्टी के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई। निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाने के कारण धनोरा को हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ साल्हेभट्टी ने फाइनल में प्रवेश कर खिताब की ओर अपना कदम बढ़ाया।
फाइनल में अंतिम ओवर तक चला रोमांच
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेजबान चिंचवाही और साल्हेभट्टी के बीच खेला गया। छह ओवरों के इस मुकाबले में चिंचवाही ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और साल्हेभट्टी के सामने 43 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी साल्हेभट्टी की टीम ने धैर्य और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया और प्रतियोगिता की विजेता बनी।
फाइनल मुकाबले में त्रिवेन्द्र आत्रम और मनीष उइके ने कसी हुई गेंदबाजी कर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहा।
उमेश बंसोड़ बने बेस्ट ऑलराउंडर
पूरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उमेश बंसोड़ को ‘बेस्ट ऑलराउंडर’ के पुरस्कार से नवाजा गया। उन्हें ₹201 की नकद राशि प्रदान की गई। उमेश ने अपनी सलामी बल्लेबाजी और प्रभावशाली गेंदबाजी से प्रतियोगिता के दौरान उल्लेखनीय योगदान दिया।
आयोजन समिति और ग्रामीणों का सराहनीय योगदान
प्रतियोगिता को सफल बनाने में लिटिल स्टार क्रिकेट क्लब के सदस्यों एवं साथी खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में आकाश बंसोड़, जागेश्वर रावटे, राजकुमार बोरकर, उत्तम कमेटी, मनीष साहू, अजय कुमेटी, प्रफुल कुमार बोरकर और राजेंद्र उइके सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में जनपद सदस्य पुष्पा आत्रम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा ग्राम पटेल कंस राम किरसान, भानु रावटे, टीकम कोठारी, आशीष निर्मलकर, बाली मानकर, मदन भाला, प्रदीप ठाकुर, अनुराग सहारे, अनिल ताराम सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

0 टिप्पणियाँ