Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

शराब के नशे में रोज-रोज की मारपीट से तंग पत्नी ने पति को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, खड़गांव पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार


 सिवनी गांव में सनसनीखेज वारदात से इलाके में मचा हड़कंप; चेहरे, गर्दन और सीने पर कुल्हाड़ी से किए वार, हत्या में प्रयुक्त हथियार पुलिस ने किया जब्त

NBP NEWS / मोहला / 18 नवंबर 2026 

शराब के नशे में आए दिन होने वाली मारपीट और घरेलू विवाद ने आखिरकार एक परिवार को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया। थाना खड़गांव क्षेत्र के ग्राम सिवनी बाजोपारा में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले में खड़गांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की आरोपिया पत्नी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 7 बजे ग्राम सिवनी बाजोपारा निवासी जांगय बाई पति स्वर्गीय चमर सिंह ने थाना खड़गांव पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बहू मालती बाई पुरामें ने गांव के दलसू राम मण्डावी के मोबाइल फोन से अपनी बेटी और दामाद सुरेश कुमार कुंजाम को फोन कर जानकारी दी थी कि बीती रात उसका पति कारजू राम शराब के नशे में घर आया और उसके साथ विवाद करते हुए मारपीट करने लगा।

बताया गया कि मृतक कारजू राम पूर्व में भी शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। 16 नवंबर की रात भी इसी तरह विवाद और मारपीट होने पर गुस्से में आकर उसकी पत्नी मालती बाई ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।

परछी में खाट पर पड़ा था शव, दीवारों पर बिखरे थे खून के छींटे

घटना की सूचना मिलने पर मृतक की मां जांगय बाई अपनी बेटी और दामाद के साथ घर पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने बेटे कारजू राम को घर की परछी में खाट के ऊपर मृत अवस्था में पड़ा देखा। घर की दीवार पर खून के छींटे पड़े हुए थे, वहीं खाट के नीचे खून लगी कुल्हाड़ी भी मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इस मामले में थाना खड़गांव में अपराध क्रमांक 89/26, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पूछताछ में वारदात स्वीकारने का दावा

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी यशपाल सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजुलता बाज तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी खड़गांव निरीक्षक  सुशील कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मृतक की पत्नी मालती बाई पुरामें (उम्र 27 वर्ष), निवासी ग्राम सिवनी से घटना के संबंध में पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपिया ने घटना के दिन और समय पर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गवाहों की उपस्थिति में उसका मेमोरेंडम कथन दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा सादी मिट्टी एवं खून लगी मिट्टी को विधिवत जब्त कर लिया।

24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, दुर्ग जेल भेजी गई आरोपिया

पुलिस ने आरोपिया को अपराध में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तारी का कारण बताते हुए 18 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया तथा गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी। मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपिया को अभिरक्षा में लेकर दुर्ग जेल दाखिल कराया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना खड़गांव के पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ