15 नवंबर को गोंड समाज एवं सर्व आदिवासी समाज का संयुक्त आयोजन; विधायक इंद्रशाह मंडावी होंगे मुख्य अतिथि, सामाजिक और वैचारिक विमर्श के बीच आदिवासी पहचान, इतिहास, संस्कृति एवं अधिकारों का मुद्दा बनेगा केंद्रबिंदु
NBP NEWS | मोहला, 13 नवंबर 2026।
धरती आबा महानायक एवं क्रांतिवीर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को ग्राम मरकाटोला में आदिवासी स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता और ऐतिहासिक पहचान की आवाज बुलंद होगी। गोंड समाज मोहला एवं सर्व आदिवासी समाज मोहला के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘आदिवासी अस्मिता दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम गोंड समाज सर्कल मरकाटोला केंद्र पाटनखास के तत्वावधान में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा।
इस बार का आयोजन केवल जयंती समारोह या पारंपरिक सामाजिक मिलन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आदिवासी समाज की मूल पहचान, ऐतिहासिक अस्तित्व, सांस्कृतिक विरासत और संवैधानिक अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण वैचारिक मंच के रूप में भी सामने आएगा। सर्व आदिवासी समाज ने ‘जनजाति गौरव दिवस’ की अवधारणा पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट किया है कि आदिवासी समाज की पहचान को केवल सरकारी नामकरण और आयोजनों तक सीमित नहीं किया जा सकता।
विधायक इंद्रशाह मंडावी होंगे मुख्य अतिथि, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक इंद्रशाह मंडावी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में ललित नरेटी, प्रदेश उपाध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग छत्तीसगढ़ तथा तुकाराम कोर्राम, जिला अध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज बालोद उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों में नरेंद्र नेताम, पूर्व संभाग अध्यक्ष गोंड समाज मोहला; जगत सलामे, जिला अध्यक्ष गोंड समाज मोहला; नोहरू कुमोटी, ब्लॉक अध्यक्ष गोंड समाज मोहला; हिरेसिंह गावड़े, गोंड समाज संरक्षण मोहला; सेवता जी, संभाग कर्मचारी अध्यक्ष मोहला; कुमार कोरेटी, महासभा सचिव मोहला; पुरण कुमेटी, जिला उपाध्यक्ष मोहला; गोविन्द टेकाम, ब्लॉक अध्यक्ष कोटगुल; अनिल केरामी, मार्गदर्शक गोंडवाना युवा प्रकोष्ठ जिला गढ़चिरौली; मानुराम कोमरे, ब्लॉक अध्यक्ष कोरची तथा डॉ. रीना कोमरे, उपाध्यक्ष संभागीय गोंड समाज महासभा मोहला युवा प्रभाग की उपस्थिति रहेगी। सामाजिक कार्यकर्ता कॉमरेड योगेंद्र कुमोटी सहित क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
‘जनजाति’ नहीं, आदिवासी अस्मिता और ऐतिहासिक पहचान है समाज का मूल सवाल
आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष आदिवासी पहचान को लेकर उठाया गया वैचारिक सवाल है। सर्व आदिवासी समाज का कहना है कि आदिवासी होना केवल एक प्रशासनिक श्रेणी या सरकारी पहचान नहीं, बल्कि हजारों वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक सभ्यता, विशिष्ट संस्कृति, परंपराओं, प्रकृति आधारित जीवन दर्शन और सामुदायिक व्यवस्था से जुड़ी पहचान है।
समाज के अनुसार जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी समाज का ऐतिहासिक रिश्ता उसकी सभ्यता और जीवन पद्धति का अभिन्न हिस्सा रहा है। ऐसे में आदिवासी अस्मिता को केवल किसी सरकारी दिवस, उपाधि या औपचारिक उत्सव के दायरे में समेटना उसकी व्यापक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नजरअंदाज करने जैसा है।
समाज ने सवाल उठाया है कि जब विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी पहचान, अधिकार और संस्कृति की बात की जाती है, तो फिर आदिवासी समाज की मूल अस्मिता और ऐतिहासिक अस्तित्व के सवालों पर पर्याप्त गंभीरता क्यों नहीं दिखाई देती? समाज का कहना है कि पहचान के प्रश्न को केवल ‘जनजाति’ तक सीमित करने की प्रवृत्ति पर वैचारिक बहस और संवाद जरूरी है।
इसी वैचारिक असहमति और अपनी मूल पहचान के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने के उद्देश्य से 15 नवंबर को मरकाटोला में ‘आदिवासी अस्मिता दिवस’ मनाया जाएगा। आयोजन के माध्यम से समाज अपनी ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक स्वतंत्रता और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
राजनीतिक विचारधारा से ऊपर होनी चाहिए समाज की पहचान और अस्तित्व
सर्व आदिवासी समाज ने समाज के भीतर राजनीतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया है। समाज का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा का समर्थन अथवा विरोध करना प्रत्येक व्यक्ति का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन राजनीतिक निष्ठा के कारण अपनी ऐतिहासिक पहचान, सामाजिक अस्तित्व और पुरखों की विरासत को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
समाज ने आह्वान किया है कि आदिवासी समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर युवाओं को अपनी सभ्यता, संस्कृति, इतिहास और पूर्वजों के संघर्ष को समझना होगा। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सामाजिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों के सवाल पर एकजुटता आवश्यक है।समाज का मानना है कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी ऐतिहासिक जड़ों से जोड़ना, पुरखों के संघर्षों से परिचित कराना और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव का भाव विकसित करना समय की आवश्यकता है।
बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के लिए केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक नहीं, बल्कि स्वाभिमान, सामाजिक जागरण, सांस्कृतिक चेतना और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के संघर्ष के अमर प्रतीक हैं। उनके संघर्ष और विचारों ने अन्याय, शोषण तथा दमन के विरुद्ध संगठित होकर आवाज उठाने की प्रेरणा दी।आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आदिवासी समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक अस्मिता के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना भी है।
सुबह 10 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम, शाम 5 बजे होगा समापन
आयोजन समिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे अतिथियों का आगमन होगा। सुबह 10:30 बजे पारंपरिक वाद्य यंत्रों एवं स्वागत रैली के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे क्रांतिवीर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा एवं अन्य महान क्रांतिकारियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे तक सामाजिक, सांस्कृतिक एवं वैचारिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं शाम 5 बजे कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।आयोजक समिति ने क्षेत्र के समस्त सामाजिक पदाधिकारियों, युवा साथियों, मातृशक्ति, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में ग्राम मरकाटोला पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
समाज का संदेश—‘हम आदिवासी हैं, आदिवासी ही हमारी पहचान है।’
मरकाटोला में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम आदिवासी समाज की पहचान, इतिहास, संस्कृति और अधिकारों से जुड़े सवालों को एक साझा मंच देने का प्रयास है। आयोजकों का स्पष्ट संदेश है कि समाज की असली ताकत उसकी सभ्यता, संस्कृति, पुरखा परंपरा, ऐतिहासिक विरासत और सामूहिक एकता में निहित है। इस पहचान को संरक्षित करना, उसका सम्मान करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना ही आदिवासी अस्मिता दिवस का मूल उद्देश्य है।

0 टिप्पणियाँ