धान खरीदी में गिरदावरी, एग्रीटेक और पंजीयन की खामियों को दूर करने की मांग; पटवारी संघ के आंदोलन को किसान हित में स्थगित करने की अपील, मांगें पूरी नहीं होने पर व्यापक जन आंदोलन का ऐलान
NBP NEWS / कोण्डागांव / 17 नवंबर 2026 /
किसानों को धान बेचने में हो रही परेशानियों और राजस्व पटवारी संघ की लंबित मांगों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) जिला परिषद कोण्डागांव ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन जिला कलेक्टर कोण्डागांव को सौंपकर किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने तथा राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, जिला इकाई कोण्डागांव की जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई है।
17 नवंबर को जिला कलेक्टर कार्यालय के आवक-जावक शाखा में सौंपे गए इन ज्ञापनों के माध्यम से सीपीआई ने स्पष्ट किया है कि जिले का कोई भी पंजीकृत किसान धान बेचने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए गिरदावरी, एग्रीटेक सहित धान विक्रय से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
गिरदावरी और पंजीयन की खामियों से किसान परेशान
पार्टी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में पिछले वर्ष जिले के अनेक किसानों के धान विक्रय से वंचित रह जाने के कारण उत्पन्न आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का उल्लेख किया गया है। सीपीआई का कहना है कि इस वर्ष भी जिले के विभिन्न गांवों से ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिनमें गिरदावरी नहीं होने, वनाधिकार पट्टाधारी किसानों का धान विक्रय के लिए पंजीयन नहीं होने तथा पंजीकृत रकबे में त्रुटियों जैसी समस्याएं प्रमुख हैं।
इन तकनीकी एवं प्रशासनिक खामियों के चलते कई किसान अपनी मेहनत से उत्पादित पूरी धान उपज नहीं बेच पा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
सीपीआई ने बताया कि इन समस्याओं को देखते हुए धान खरीदी शुरू होने से पहले ही 3 नवंबर को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। बावजूद इसके, पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार समस्याओं का प्रभावी समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। आज भी बड़ी संख्या में किसान धान विक्रय संबंधी परेशानियों को लेकर जिला एवं तहसील कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
पटवारी संघ की जायज मांगों को पूरा करने उठाई आवाज
सीपीआई एवं अखिल भारतीय किसान सभा ने दूसरे ज्ञापन के माध्यम से राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, जिला इकाई कोण्डागांव की जायज मांगों को किसान हित में जल्द से जल्द पूरा करने की मांग शासन-प्रशासन से की है। पार्टी का मानना है कि राजस्व संबंधी कार्यों में आ रही बाधाओं और पटवारी संघ की मांगों का समाधान समय रहते किया जाना आवश्यक है, ताकि इसका खामियाजा किसानों को न भुगतना पड़े और धान खरीदी सहित अन्य राजस्व कार्य प्रभावित न हों।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो व्यापक जन आंदोलन की चेतावनी
सीपीआई जिला परिषद कोण्डागांव के पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि दोनों ज्ञापनों में उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जाए तथा समस्याओं के समाधान के लिए लिए गए निर्णय से संगठन को जल्द अवगत कराया जाए। यदि शासन-प्रशासन किसानों की समस्याओं और पटवारी संघ की जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं करता है, तो सीपीआई अपने सहयोगी संगठनों, सदस्यों और व्यापक जनसमर्थन के साथ बड़ा जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
आंदोलन स्थल पहुंचकर पटवारी संघ से की स्थगन की अपील
ज्ञापन सौंपने के साथ ही सीपीआई जिला परिषद कोण्डागांव के पदाधिकारी राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, जिला इकाई कोण्डागांव के आंदोलन स्थल पर भी पहुंचे। यहां पार्टी की ओर से आंदोलनकारियों को लिखित पत्र सौंपकर किसान हित को ध्यान में रखते हुए उनके अनिश्चितकालीन आंदोलन को स्थगित करने की अपील की गई।
सीपीआई ने स्पष्ट किया कि यदि पटवारी संघ किसानों के हित में अपना आंदोलन स्थगित करता है, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एवं अखिल भारतीय किसान सभा उनकी जायज मांगों को पूरा करवाने के लिए आंदोलनकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेंगे तथा शासन से मांगें पूरी करवाने में पूरा सहयोग देंगे।

0 टिप्पणियाँ