Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कमजोर बच्चों के पोषण पर DPO समीर सौरभ का फोकस, आंगनबाड़ी केंद्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण



NBP NEWS / मोहला/ प्रवेश कुमार , 02 सितंबर 2026

महिला एवं बाल विकास विभाग के नवपदस्थ जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर सौरभ ने पदभार संभालने के बाद से ही विभागीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को लेकर सक्रियता दिखाई है। इसी कड़ी में उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का सघन एवं आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

अचानक हुए निरीक्षण से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मैदानी अमले में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी ने केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार, अनाज एवं अन्य पोषण सामग्री की बारीकी से जांच की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि बच्चों के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पोषण सामग्री का सही तरीके से उपयोग हो और पात्र बच्चों तक इसका नियमित लाभ पहुंचे।

कमजोर बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर सौरभ ने निरीक्षण के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति को गंभीरता से देखा। उन्होंने कमजोर एवं कुपोषण की स्थिति वाले बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने मैदानी अमले से कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की उपस्थिति दर्ज करने तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास पर वास्तविक रूप से काम दिखाई देना चाहिए। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार की नियमितता और गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

भवन से लेकर शौचालय और पेयजल तक व्यवस्थाओं की जांच

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की स्थिति, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और बच्चों के लिए उपलब्ध खेल सामग्री का भी जायजा लिया। बच्चों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध खेल सामग्री का उपयोग बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए करने तथा केंद्र परिसर को बच्चों के अनुकूल बनाए रखने पर भी जोर दिया।

योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता बर्दाश्त नहीं

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने की हिदायत दी।

अचानक निरीक्षण से मैदानी अमले को स्पष्ट संदेश

नवपदस्थ जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा पदभार संभालने के बाद ही आकस्मिक रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किए जाने को विभागीय व्यवस्था में कसावट लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे मैदानी अमले को स्पष्ट संदेश गया है कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी प्रभावी दिखाई देना चाहिए।

समीर सौरभ की इस सक्रियता से आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं, बच्चों के पोषण और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक सुधार की उम्मीद है। आने वाले दिनों में भी आकस्मिक निरीक्षण जारी रहने से मैदानी व्यवस्था में जवाबदेही और कार्यप्रणाली में कसावट आने की संभावना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ