Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कृष्ण जन्माष्टमी पर मोहला में उमड़ा जनसैलाब, दही लूट से लेकर विसर्जन झांकी तक दिखा उत्साह : हेरकुटुम्भ की टीम ने मारी बाजी


NBP NEWS/मोहला, 07 सितंबर 
जिला मुख्यालय मोहला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 5 सितंबर की रात जय स्तंभ चौक में भव्य दही लूट एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रात्रिकालीन इस आयोजन में मोहला सहित जिले के अलग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रतिभागी शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान जय स्तंभ चौक कृष्ण भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में सबसे खास आकर्षण महिलाओं की टीम रही। महिलाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और मटकी फोड़कर लगभग 5 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया।

वहीं पुरुष वर्ग में प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी ग्राम हेरकुटुम्भ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टीम को लगभग 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। मोहला की टीम ने भी प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए मटकी फोड़कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

25 फीट की ऊंचाई पर बांधी गई थी मटकी

इस बार दही लूट कार्यक्रम को खास बनाने के लिए मटकी को क्रेन की मदद से जमीन से करीब 25 फीट की ऊंचाई पर बांधा गया था। दही से भरी इस मटकी को फोड़ने के लिए अलग-अलग टीमों ने बारी-बारी से प्रयास किया। ऊंचाई और चुनौती के कारण प्रतियोगिता काफी रोमांचक रही।

कई टीमों के प्रयास के बाद आखिरकार ग्राम हेरकुटुम्भ की टीम ने मटकी फोड़कर पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जय स्तंभ चौक पर मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

भव्य आयोजन के बाद नगर में कार्यक्रम की जमकर सराहना हो रही है। आयोजकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से क्षेत्र में सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलता है।

कृष्ण भगवान की विसर्जन झांकी में उमड़ा भक्तों का उत्साह

जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण भगवान की विसर्जन झांकी भी निकाली गई। झांकी बस स्टैंड मोहला के समीप स्थित कोसरिया यादव समाज भवन से रवाना हुई। इसके बाद झांकी बस स्टैंड होते हुए फव्वारा चौक पहुंची और आगे पेट्रोल पंप से होकर पुराने शिव मंदिर स्थित राजा तालाब पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

इस दौरान श्रद्धालु डीजे की धुन पर झूमते और कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आए। पूरी झांकी के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक रंग से सराबोर इस आयोजन ने मोहला में जन्माष्टमी पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ