जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मानपुर दक्षिण वन परिक्षेत्र के अंतर्गत औंधी - नवागांव उप वन परिक्षेत्र के ग्राम रेंगाटोला में विभागीय टीम ने सांभर के शिकार के आरोप में तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से सांभर का कथित कच्चा एवं पकाया हुआ मांस बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 6 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रेंगाटोला गांव में वन्यजीव के मांस को रखा गया है। सूचना के आधार पर डीएफओ दिनेश पटेल के निर्देशन में क्षेत्रीय एसडीओ, वन परिक्षेत्र अधिकारी, वन अमले और पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में एक ग्रामीण के घर पर दबिश दी।
घर में मिला कच्चा और पकाया हुआ मांस
कार्रवाई के दौरान टीम को घर से कथित रूप से सांभर का कच्चा और पकाया हुआ मांस मिला। वन विभाग ने मांस को जब्त कर जांच के लिए अपने कब्जे में लिया। पूछताछ के दौरान तीन ग्रामीणों द्वारा बरामद मांस को सांभर का होना स्वीकार किए जाने की बात विभाग की ओर से कही गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि जंगल से भटककर खेत की ओर पहुंचे एक कम उम्र के सांभर का कथित रूप से तीनों ग्रामीणों ने मिलकर शिकार किया था। हालांकि, वन विभाग द्वारा मामले में आगे की जांच और साक्ष्यों के आधार पर पूरी स्थिति स्पष्ट की जा रही है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला
वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक वन्यजीवों का शिकार कानूनन गंभीर अपराध है। विभाग द्वारा जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा अवैध शिकार एवं वन्यजीव तस्करी से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
डीएफओ दिनेश पटेल ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार और तस्करी के मामलों में विभाग किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतेगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#मोहलामानपुर #MohlaManpur #मानपुर #रेंगाटोला #वनविभाग #सांभर #Sambhar #वन्यजीव #वन्यजीवशिकार #Wildlife #WildlifeNews #ForestDepartment #ChhattisgarhNews #CGNews #MohlaNews #ManpurNews #BreakingNews #LocalNews #NBPNEWS #सत्यकीआवाज
0 टिप्पणियाँ