जिला मुख्यालय मोहला में बुधवार को जिला मेडिकल बोर्ड, दिव्यांगजन प्रमाण पत्र एवं यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड निर्माण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में लगातार बारिश के बावजूद जिले भर से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन पहुंचे।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
शिविर में पहुंचे हितग्राहियों ने बताया कि शिविर के माध्यम से कार्ड बनाई जा रही है। इस कार्ड के माध्यम से उन्हें एक पहचान और सुविधाएं मिलेगी उन्होंने ये भी कहा कि समय समय पर शिविर लगनी चाहिए ताकि आसानी से हितग्राहियों का कार्ड बन सके।
शिविर के नोडल अधिकारी एवं समाज कल्याण विभाग के अखिलेश तिवारी ने बताया कि 'बस्तर मुन्ने अभियान' के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में मोहला विकासखंड से 50, अंबागढ़ चौकी से 43 तथा मानपुर विकासखंड से 76 सहित कुल 169 दिव्यांग हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। सभी हितग्राहियों के लिए UDID कार्ड की प्रक्रिया पूरी की गई है। कार्ड तैयार होने के बाद डाक के माध्यम से उनके निवास पते पर भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि UDID कार्ड आधार कार्ड की तरह एक विशिष्ट पहचान पत्र है, जिसमें दिव्यांगजन की संपूर्ण जानकारी दर्ज रहती है। यह कार्ड दिव्यांग पेंशन, सहायक उपकरण, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनिवार्य है।
अखिलेश तिवारी ने बताया कि विशेष शिविर के अलावा प्रत्येक माह के चौथे बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक आयोजित होती है, जहां दिव्यांगजन अपना प्रमाण पत्र एवं UDID कार्ड बनवा सकते हैं।
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शिविर में मेडिकल बोर्ड के अंतर्गत हड्डी रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ तथा मेडिकल विशेषज्ञ उपस्थित रहे। वहीं आंख, कान, नाक एवं गला (ईएनटी) विशेषज्ञ प्रशिक्षण में होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इसके अलावा नवोदय विद्यालय, प्रयास विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से भी अधिक संख्या में बच्चों के आने के कारण शिविर में भीड़ अधिक रही।
शिविर के दौरान अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही जरूरतमंद हितग्राहियों को व्हीलचेयर भी प्रदान की गई।
0 टिप्पणियाँ