भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के तहत सरगुजा जिले के नवापारा स्थित बीटीआई (BTI) के पीछे आयोजित दो दिवसीय उन्नत उद्यमिता विकास (Entrepreneurship Development) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण 28 एवं 29 मार्च 2026 को भावसर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच तथा उद्यमियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना था। प्रशिक्षण में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक मोहम्मद एम. सिद्दीकी ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, MSME के क्षेत्र में उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से बाजार तक पहुंच तथा कौशल विकास प्रशिक्षण एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण पूरे समय सहभागितापूर्ण वातावरण में संचालित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर आगामी 12 दिवसीय उन्नत उद्यमिता विकास प्रशिक्षण के लिए प्रतिभागियों से सहमति भी प्राप्त की गई।
अंत में भरत यादव ने आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उसके महत्व की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण का औपचारिक समापन किया।
0 टिप्पणियाँ