एचडीएफसी बैंक के समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत कार्ड संस्था द्वारा 21 एवं 22 जुलाई 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), रायपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण-सह-एक्सपोज़र भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मोहला-मानपुर जिले के 15 परियोजना ग्रामों से चयनित 30 प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, टिकाऊ खेती, मूल्य संवर्धन तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों ने किसानों को मिलेट्स (मोटे अनाज) के वैज्ञानिक उत्पादन, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा विपणन की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही खरीफ फसलों में लगने वाले प्रमुख रोगों एवं कीटों की पहचान, रोकथाम तथा समेकित प्रबंधन के प्रभावी उपायों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र के एकीकृत कृषि प्रणाली (Integrated Farming System-IFS) मॉडल का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। इसमें फसल उत्पादन, पशुपालन, बागवानी एवं पुष्प खेती को एकीकृत रूप से अपनाकर कम जोखिम में अधिक आय प्राप्त करने के तरीकों से किसानों को अवगत कराया गया। किसानों ने वर्मीकम्पोस्ट इकाई तथा बीज बैंक की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया और जैविक खेती की उपयोगी तकनीकों की जानकारी हासिल की।
इसके अलावा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) तथा कृषि यंत्रीकरण जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों ने "मोटे अनाज (मिलेट्स): उत्पादन से विपणन तक" तथा "जैविक एवं टिकाऊ कृषि प्रणाली" विषयों पर विशेष व्याख्यान दिए। किसानों ने विशेष रूप से मिलेट्स के मूल्य संवर्धन, समूह आधारित उद्यम विकास तथा कम लागत वाली जैविक खेती तकनीकों में गहरी रुचि दिखाई।
इस प्रशिक्षण-सह-एक्सपोज़र कार्यक्रम में मोहला-मानपुर जिले के जिन 15 परियोजना गांवों के किसानों ने भाग लिया, उनमें मार्री, भोजटोला, कुंजामटोला, उरवाही, मूंगाडीह, बिरझुटोला, डुमरटोला, सोमाटोला, विजयपुर, तेलीटोला, देवरसुर, कोर्रामटोला, चापाटोला, रानाटोला एवं मोहभट्टा शामिल हैं।
कार्यक्रम के समापन पर किसानों ने बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के नए आयामों की जानकारी मिली है, जिसे वे अपने गांवों में अपनाकर उत्पादन बढ़ाने तथा आय में वृद्धि का प्रयास करेंगे।
#NBPNEWS
#HDFCBankParivartan
#CARDSanstha
#FarmerTraining
#RaipurKVK
#KrishiVigyanKendra
#ModernFarming
#OrganicFarming
#Millets
#MilletFarming
#IntegratedFarming
#AgricultureNews
#ChhattisgarhNews
#MohlaManpur
#MohlaNews
#FarmersOfIndia
#PMKisan
#KCC
#RuralDevelopment
#AgricultureIndia
0 टिप्पणियाँ