NBP NEWS/मोहला, 8 जुलाई
प्रवेश कुमार: जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंबागढ़ चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाए जा रहे 6 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन समेत कुल ₹7.73 लाख की संपत्ति जब्त की है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
इसी क्रम में थाना अंबागढ़ चौकी प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर एवं पाटनखास चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में मवेशियों को अमानवीय तरीके से भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीतिक घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर वाहन चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रुपेश कुमार कुंजाम (22 वर्ष) निवासी ग्राम गोटाटोला, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने फरार वाहन चालक का नाम सुनील कुमार जुरेशिया तथा मवेशियों के स्वामी का नाम पंचूराम साहू, दोनों निवासी ग्राम गोटाटोला, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव बताया।
पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक MH 27 DT 5780 की तलाशी ली, जिसमें 4 भैंसी और 2 पड़वा कुल 6 मवेशी अत्यंत क्रूरतापूर्वक भरे हुए मिले। सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराकर वाहन सहित जब्त कर लिया गया।
जब्ती का विवरण
- 4 भैंसी एवं 2 पड़वा (कुल 6 मवेशी) – अनुमानित कीमत ₹73,000
- पिकअप वाहन क्रमांक MH 27 DT 5780 – अनुमानित कीमत ₹7,00,000
- कुल जब्ती – ₹7,73,000
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। फरार आरोपी सुनील कुमार जुरेशिया एवं पशु स्वामी पंचूराम साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना अंबागढ़ चौकी एवं पाटनखास चौकी की संयुक्त पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मवेशी तस्करी, पशु क्रूरता एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0 टिप्पणियाँ