NBP NEWS/ मोहला, 04 जुलाई 
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने गुरुवार को जिला अध्यक्ष संगीता मिश्रा के नेतृत्व में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के समापन के बाद महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने तथा महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि विधायक इंद्रशाह मंडावी ने महिलाओं एवं जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति कथित रूप से अमर्यादित टिप्पणी की है। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संगीता मिश्रा ने कहा कि विधायक को अपने कथित बयान के लिए सार्वजनिक रूप से प्रदेश की माताओं-बहनों, जिले की कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा सभी महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो महिला मोर्चा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा दुर्ग संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, कार्यक्रम प्रभारी विद्या पाण्डेय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने संगठन की मजबूती, डिजिटल माध्यमों के उपयोग और महिला सशक्तिकरण पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव संजीव शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा, जिला महामंत्री नरसिंह भंडारी, कमलेश सारस्वत, सत्यभामा सलामे, पुलकित खंडेलवाल, मोनू वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मंडल पदाधिकारी, बूथ मित्र एवं कमल सखियां मौजूद रहीं।