विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विकास निगम मोहला द्वारा खड़गांव क्षेत्र में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जलवायु संतुलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, शासकीय कार्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत मिस्प्री रेंज कार्यालय, रेस्ट हाउस, खड़गांव थाना परिसर तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय खड़गांव सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 145 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का वचन लिया।
पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन अशोक कुमार सोनवानी, मंडल प्रबंधक पानाबरस (राज्य वन सेवा) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने की अपील की।
इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय खड़गांव की प्राचार्य खेमलता दास ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वीरेंद्र पटेल (उपमंडल प्रबंधक), देवेंद्र साहू (उपमंडल प्रबंधक), सुरेश कुमार सोनवानी (रेंजर), सुभाष वत्सल (डिप्टी रेंजर), सी.पी. पारकर (डिप्टी रेंजर), ईश्वरलाल खरे (डिप्टी रेंजर), प्रीत उसारे, रामेश्वर, प्रकाश तिवारी एवं अनिरुद्ध निषाद सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह पौधरोपण अभियान क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ