बौद्ध समाज के सर्वांगीण विकास एवं स्वतंत्र आर्थिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 6 जून 2026 (शनिवार) को अंबागढ़ चौकी में एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम गुरुकृपा पैलेस, नया हॉस्पिटल गार्डन रोड, अंबागढ़ चौकी में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय बौद्ध महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजरतन आंबेडकर करेंगे। सम्मेलन में बैंकिंग एवं आर्थिक क्षेत्र में बौद्ध समाज की भागीदारी बढ़ाने, आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने तथा समाज के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में बौद्ध समाज के लोग शामिल होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ से लगे महाराष्ट्र के जिलों से भी बौद्ध अनुयायियों के पहुंचने की संभावना है, जिससे कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप मिलेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारतीय बौद्ध महासभा छत्तीसगढ़, परिक्षेत्र डोंगरगांव द्वारा समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है। सम्मेलन में भारतीय बौद्ध महासभा के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के प्रबुद्धजन भी शामिल होंगे।
भारतीय बौद्ध महासभा छत्तीसगढ़ के राज्य महासचिव नारद टेंभुरकर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन समाज की आर्थिक प्रगति और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
0 टिप्पणियाँ