जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भड़सेना के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री सहित कुल ₹3,47,220 मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल एवं एसडीओपी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में थाना अम्बागढ़ चौकी पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम भड़सेना के जंगल में दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में डोंगरगढ़, अम्बागढ़ चौकी, बालोद, गोंदिया (महाराष्ट्र) और कांकेर जिले के निवासी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से ₹1,13,220 नगद, 8 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल, 52 पत्ती ताश, बैटरी, एलईडी बल्ब और बिजली तार जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹3,47,220 बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(1) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मौके से फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना अम्बागढ़ चौकी पुलिस और साइबर सेल मोहला की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ