अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक, तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के मार्गदर्शन में जिले के 75 विवेचकों को अत्याधुनिक मोबाइल डेटा टर्मिनल (स्मार्ट मोबाइल फोन) वितरित किए गए हैं।
यह पहल पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा ASUMP स्कीम AAP 2025-26 के तहत लागू की गई है, जिसका उद्देश्य विवेचना कार्य को तकनीक से जोड़कर अधिक प्रभावी बनाना है।
इन स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनलों की मदद से विवेचक अब घटनास्थल पर ही डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण कर सकेंगे तथा आवश्यक दस्तावेजों और रिकॉर्ड तक तुरंत ऑनलाइन पहुंच बना सकेंगे। इससे जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने कहा कि "आधुनिक तकनीक प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। ये मोबाइल डेटा टर्मिनल हमारे विवेचकों को फील्ड में रहते हुए त्वरित एवं सटीक निर्णय लेने में सक्षम बनाएंगे। इससे अपराधों की विवेचना समयबद्ध ढंग से पूरी होगी और नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं मिलेंगी।"
पुलिस विभाग का मानना है कि इस पहल से विवेचना के दौरान आने वाली तकनीकी बाधाएं काफी हद तक दूर होंगी और अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। साथ ही जिले में स्मार्ट पुलिसिंग और नागरिक-केंद्रित पुलिस सेवा को भी नई मजबूती मिलेगी।
0 टिप्पणियाँ