NBP NEWS/ मोहला, 22 मई 2026
एचडीएफसी बैंक के “समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम” के अंतर्गत कार्ड संस्था द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) कांकेर में किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-एक्सपोज़र भ्रमण कार्यक्रम 21 मई को आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मोहला विकासखंड के 15 परियोजना गांवों से पहुंचे 45 प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली (Integrated Farming System-IFS) मॉडल का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि पशुपालन, बागवानी एवं पुष्प खेती को एक साथ अपनाकर किसान जोखिम कम करने के साथ अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। किसानों ने वर्मीकम्पोस्ट इकाई, अजोला उत्पादन, बैकयार्ड मुर्गी पालन, मशरूम उत्पादन, बायोफ्लॉक (BFT) मछली पालन तथा सामुदायिक बीज बैंक की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया।
इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) तथा कृषि यंत्रीकरण जैसी महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं की पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों द्वारा “मोटे अनाज (मिलेट्स) : उत्पादन से विपणन तक” तथा “जैविक एवं टिकाऊ कृषि प्रणाली” विषय पर विशेष सत्र भी आयोजित किए गए। किसानों ने मिलेट्स आधारित मूल्य संवर्धन एवं समूह आधारित उद्यम की संभावनाओं में विशेष रुचि दिखाई। वहीं कम लागत वाली जैविक खेती तकनीकों को लेकर भी किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद किया।
यह प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम किसानों को संसाधन आधारित, विविधीकृत एवं जलवायु-सहिष्णु खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर कृषि मॉडल विकसित करने की दिशा में प्रभावी कदम हैं।
0 टिप्पणियाँ