सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत मानपुर के ग्राम पंचायत कहगांव में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन शुक्रवार को किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को मौके पर सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।
शासन-प्रशासन की पहल से गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और सहभागिता की भावना मजबूत हो रही है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कहगांव क्लस्टर अंतर्गत कहगांव, भर्रीटोला, कहडबरी, सिवनी, ढोढरी, घोटिया, चवेला, फुलकोड़ो, भावसा, उमरपाल, टोहे, मरकेली, परालझरी, कोतरी एवं नेडगांव सहित कुल 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शिविर में शामिल हुए। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 946 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण अंचलों तक विकास और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ पहुंचे। साथ ही ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक, सदस्य सुशीला भंडारी, सदस्य श्रीमती रेणु टांडिया, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, दिलीप वर्मा, मदन साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री, प्रमाण पत्र, सहायता राशि एवं अन्य लाभ वितरित किए गए।
स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों ने ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने और जागरूक करने का कार्य किया।
0 टिप्पणियाँ