जिला मुख्यालय मोहला से अंबागढ़ चौकी मार्ग पर मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घायल वनमण्डलाधिकारी के बंगले में कार्यरत रसोइये बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वनमण्डलाधिकारी निवास में रसोइये के रूप में कार्यरत गोवर्धन निषाद और दिनेश निषाद मंगलवार शाम बंगले में भोजन बनाने के बाद बाइक से अपने घर अंबागढ़ चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप के पास स्थित मोड़ पर मोहला की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
सूत्रों के मुताबिक भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में गोवर्धन निषाद के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, वहीं दिनेश निषाद के हाथ में फ्रैक्चर तथा सीने में चोट आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायलों की मदद की। एक कार चालक ने दोनों घायलों को अपनी कार से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला पहुंचाया, जहां देर रात तक उनका उपचार चलता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही वनमण्डलाधिकारी दिनेश पटेल स्वयं अस्पताल पहुंचे और देर रात तक घायलों के उपचार की व्यवस्था में जुटे रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक वाई. पी. सिंह भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
इधर, पुलिस ने पिकअप वाहन चालक तरुण नेताम को हिरासत में लेकर मुलाहिजा कराया है। मामले की जांच जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं, गोवर्धन निषाद के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, वहीं दिनेश निषाद के हाथ में फ्रैक्चर, पैर में चोट तथा सीने में चोट आई है। लेकिन गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बुधवार को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
0 टिप्पणियाँ