Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

आधार अद्यतन कराना जरूरी, बच्चों के बायोमैट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क

NBP NEWS/ मोहला, 14 मई 2026। आधार अब केवल 12 अंकों की पहचान संख्या नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की एक महत्वपूर्ण और विशिष्ट पहचान बन चुका है। बैंकिंग सेवाओं, पेंशन, राशन, छात्रवृत्ति, आयुष्मान योजना, गैस सब्सिडी, मोबाइल सिम सत्यापन समेत विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं में आधार की अहम भूमिका है। ऐसे में समय-समय पर आधार का अद्यतन कराना बेहद जरूरी हो गया है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति ने पिछले 10 वर्षों के भीतर अपना आधार अपडेट नहीं कराया है, तो उसका आधार निष्क्रिय होने की संभावना बढ़ सकती है। इससे विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन ने बच्चों के आधार अपडेट को लेकर भी विशेष जानकारी साझा की है। 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधार उनके माता-पिता के बायोमेट्रिक के आधार पर बनाया जाता है। बच्चा जब 5 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेता है, तब उसका बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य हो जाता है। इसी प्रकार 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच भी बायोमेट्रिक अपडेट आवश्यक होता है।

अधिकारियों के अनुसार समय के साथ व्यक्ति की आंखों, उंगलियों के निशान और चेहरे की बनावट में परिवर्तन होता है। ऐसे में आधार में बायोमेट्रिक जानकारी का अद्यतन जरूरी है, ताकि हितग्राही किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहें।

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा 30 सितंबर 2026 तक बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) को निःशुल्क करने की घोषणा की गई है। इसके बाद बायोमेट्रिक अपडेट कराने पर निर्धारित शुल्क देना होगा।

जिला प्रशासन ने नागरिकों एवं पालकों से अपील की है कि वे समय रहते आधार अद्यतन एवं बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी शासकीय सेवा या योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ