NBP NEWS/ मोहला, 14 मई 2026। सुशासन तिहार के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत हांडीटोला में बुधवार को गरीबी उन्मूलन एवं सामाजिक न्याय की थीम पर दिव्यांगजनों को समर्पित जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में हांडीटोला क्लस्टर के अंतर्गत हांडीटोला, सिंघाभेड़ी, आमाटोला, लाताकोड़ों, रेंगाकटेरा, डोंगरगांव, रैनुटोला, बिटाल, जोरातराई, जादूटोला, कौडूटोला, चिखली, ढाढूटोला, खुर्शीपार, मांगाटोला, बांधाबाजार एवं गुंडरदेही सहित 17 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि पहुंचे। इस दौरान मांग एवं शिकायत संबंधी कुल 1312 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित दिव्यांगजन समर्पित शिविर में 18 हितग्राहियों को ट्राय साइकिल, बैसाखी, छड़ी एवं मोटराइज्ड सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिक्षा विभाग ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी कक्षाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा दिव्यांग छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से 10 हितग्राहियों को सामुदायिक तालाब गहरीकरण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही 19 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 11 हितग्राहियों को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन स्वीकृति पत्र, 11 महिलाओं को लखपति दीदी सम्मान पत्र तथा 19 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए। वहीं 5 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं आवास की चाबी सौंपी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को महिला कोष ऋण योजना के अंतर्गत मछली पालन हेतु ऋण स्वीकृत किया गया। राजस्व विभाग ने 9 हितग्राहियों को डिजिटल ऋण पुस्तिका वितरित की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं 13 नवविवाहित दंपत्तियों को दांपत्य श्रृंगार पेटी प्रदान की गई। इसके अलावा 2 हितग्राहियों को निश्चय मित्र योजना से लाभान्वित किया गया।
उद्यानिकी विभाग द्वारा 20 हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण किया गया, जबकि मत्स्य विभाग ने 2 हितग्राहियों को आइस बॉक्स एवं जल पात्र प्रदान किए।
नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को नशामुक्त समाज निर्माण के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने नशामुक्ति अभियान में सहभागिता का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, जल संसाधन, कृषि, उद्यानिकी, विद्युत, सहकारिता, स्वास्थ्य, परिवहन, वन, मत्स्य एवं खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी तथा आवेदन प्राप्त किए।
कार्यक्रम में भूतपूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गीता घासी साहू, जनपद अध्यक्ष पुनाऊ राम फुलकावरे, उपाध्यक्ष शंकर प्रसाद तिवारी, जिला पंचायत सदस्य शांति बाई त्रिपुरे, पवन तुलावी, नेहरू रजक, श्याम लाल चंद्रवंशी, शत्रुघ्न चुरेंद्र, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, गुलाब गोस्वामी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच-पंच, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ