जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आज मंगलवार को किसान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव उदय राम साहू के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी। किसानों ने जिला कलेक्टर और एसडीएम को कलेक्ट्रेड में ज्ञापन सौंपकर मक्का फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि और लंबित बीमा राशि के भुगतान की मांग की है।
मक्का का दाम 2500 रुपये करने की मांग
ज्ञापन सौंपते हुए उदय राम साहू ने कहा कि क्षेत्र के किसानों ने शासन के आह्वान पर और जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए धान के बदले मक्का की खेती को अपनाया है। लेकिन वर्तमान में व्यापारियों द्वारा मक्का केवल 1400 से 1500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है, जो किसानों की लागत के मुकाबले बहुत कम है।
हमारी मांग है कि मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए। मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। हमें विश्वास है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्र सरकार हमारी जायज मांगों पर विचार कर जल्द निर्णय लेगी।"
फसल नुकसान और बीमा का मुद्दा
किसानों ने प्रशासन का ध्यान वर्ष 2024-25 में हुई अतिवृष्टि की ओर भी खींचा। भारी बारिश और कीट पतंगों के हमले के कारण फसल को व्यापक नुकसान हुआ था। किसानों का आरोप है कि सर्वेक्षण के बावजूद कई पात्र किसानों को अब तक बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने मांग की है कि तत्काल निरीक्षण कर राहत राशि प्रदान की जाए।
20 दिनों का अल्टीमेटम, वरना होगा चक्काजाम
किसानों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 से 20 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस विचार नहीं किया गया, तो पूरे जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह ठाकुर, कन्हैया राजपूत, पूनमचंद साहू (तोयागोदी), गोपाल सिंह पाल (कहाडकसा), खेमचंद साहू (कौडूटोला), परसराम सोनवानी (कोटरा), अवध राम चुरेंद्र, हरीश कर मिश्रा, ईश्वर साहू, चिंता राम बनसोड, भुवनेश्वर साहू और भारी संख्या में क्षेत्र के किसान भाई उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ