जिला मोहला मानपुर अं चौकी के विकासखंड अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के बागनारा गांव से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक जर्जर शौचालय के बीते रविवार शाम 5 बजे अचानक ढह जाने से 9 वर्षीय मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बालक की पहचान ओमेंद्र नूरेटी (पिता भीमराज) के रूप में हुई है। यह घटना 26 अप्रैल की शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्चे शौचालय के आसपास खेल रहे थे, तभी अचानक पुराना और जर्जर शौचालय भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर ओमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में हर्ष कुमार (पिता हेमलाल), निवासी बागनारा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने एक बार फिर जर्जर भवनों और संरचनाओं की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
0 टिप्पणियाँ