Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

रायगढ़: भेलवाटोली में RAMP योजना के तहत एक दिवसीय उद्यमिता संवेदीकरण कार्यक्रम का सफल समापन

NBP NEWS/रायगढ़, 20 मार्च 2026

रायगढ़ जिले के भेलवाटोली में RAMP योजना (Raising & Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय उद्यमिता विकास संवेदीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम 24 जनवरी 2026 को भावसर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम भारत सरकार एवं विश्व बैंक की संयुक्त पहल के तहत संचालित RAMP योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की उत्पादकता बढ़ाना, बाजार तक पहुंच को सुदृढ़ करना तथा उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को विकसित करना है।

कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक राहुल टिक्को ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उन्मुखीकरण किया। उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, MSME के क्षेत्र में उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास कार्यक्रम एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। इसके साथ ही लघु वनोपज के प्रसंस्करण, संरक्षण एवं उससे जुड़े व्यवसायिक अवसरों पर भी विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस संवेदीकरण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं को समझा और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूकता प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज, व्यवसायिक योजना निर्माण, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण एवं मार्केट लिंकेज जैसे विषयों पर अपने प्रश्न रखे। प्रशिक्षक राहुल टिक्को ने सभी सवालों के संतोषजनक उत्तर दिए।

अंत में राहुल टिक्को ने प्रतिभागियों को भविष्य में अपने व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया।

यह कार्यक्रम स्थानीय युवाओं के लिए उद्यमिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे उन्हें स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी और प्रेरणा मिली।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ