Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कर्तव्य में लापरवाही: मोहला के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर अम्बुलकर निलंबित

NBP NEWS/ मोहला, 15 मार्च 2026
दुर्ग संभाग के आयुक्त ने कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में मोहला में पदस्थ पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर अम्बुलकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार डॉ. चन्द्रशेखर अम्बुलकर पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, नोडल अधिकारी पशु चिकित्सा सेवाएं एवं विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी के रूप में मोहला में पदस्थ थे। उनके विरुद्ध विभागीय कार्यों में उदासीनता, बैठकों में अनुपस्थित रहने तथा आवश्यक जानकारी प्रस्तुत नहीं करने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

जिला कलेक्टर तूलिका प्रजापति के पत्राचार के अनुसार 13 अगस्त 2025 को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान वे विभाग से संबंधित अद्यतन जानकारी देने में असमर्थ रहे और कई बैठकों में अनुपस्थित पाए गए। वहीं 16 अक्टूबर 2025 को अपर कलेक्टर द्वारा कार्यालय पशु चिकित्सा सेवाएं मोहला के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान वे बिना अवकाश आवेदन के कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए। मोबाइल से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनका अंतिम लोकेशन महाराष्ट्र राज्य में पाया गया था।

इसके अलावा धान उपार्जन केंद्र भोजटोला में नोडल अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद वे वहां भी उपस्थित नहीं रहे। विभाग द्वारा उन्हें शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया था, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय सीमा तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई और न ही संतोषजनक जवाब दिया।

इन परिस्थितियों को गंभीर कर्तव्यहीनता मानते हुए संभागीय आयुक्त ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला राजनांदगांव कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में विभागीय जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ