जिले में आदिम आस्था से जुड़े प्राचीन स्थलों के संरक्षण, प्रबंधन और संवर्धन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल सामने आई है। जिले के 499 ग्रामों से प्राप्त आवेदन एवं संबंधित दस्तावेजों को संकलित कर जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय दंडाधिकारी हेमेंद्र भूआर्य से भेंट कर उन्हें औपचारिक रूप से सुपुर्द किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आदिम एवं पौराणिक आस्था स्थलों का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है। उन्होंने प्रशासन से इन स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया और इस दिशा में सकारात्मक पहल के लिए प्रशासन के प्रति आभार भी प्रकट किया।
प्रतिनिधिमंडल में पानाबरस राज परिवार के लक्ष्मेंद्र शाह महाराज, जिला भाजपा उपाध्यक्ष रमेश हिड़ामे, सहकारिता प्रकोष्ठ संयोजक अम्बर जोशी, मंडल अध्यक्ष कौड़ीकसा देवनारायण कुंभकार, जिला किसान मोर्चा उपाध्यक्ष किशोर अरभैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आदिम आस्था स्थलों का संरक्षण आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इससे न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूती मिलेगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय विकास को भी नई दिशा मिल सकती है।
0 टिप्पणियाँ