मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की औंधी तहसील के नवागांव ग्राम पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। डबरी में आठ माह से सड़ती कचरा ट्राईसायकल और गांव में लगे कचरे के अंबार को प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर ने कड़ा कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत नवागांव के सचिव साधुराम मंडावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित खबर में "प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट Swachh Bharat Mission के तहत उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जमीनी हकीकत सामने आई थी।" पंचायत को कचरा संग्रहण के लिए दी गई ट्राईसायकल पिछले आठ महीनों से डबरी में पड़ी जंग खा रही थी, जबकि गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का ढेर लगा हुआ था। ग्रामीणों ने नियमित साफ-सफाई नहीं होने और संक्रमण फैलने की आशंका जताई थी।
खबर सामने आने के बाद जनपद पंचायत मानपुर के सीईओ हनीश खान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सचिव को नोटिस जारी किया था। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मानपुर से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर जांच की गई। जांच में स्वच्छता कार्यों में गंभीर लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में कमी पाई गई।
जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सचिव द्वारा स्वच्छता एवं निगरानी संबंधी कार्यों का समुचित क्रियान्वयन नहीं किया गया, जो छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के विपरीत है। इस आधार पर छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मानपुर निर्धारित किया गया है।
प्रशासन का संदेश – लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिला सीईओ भारती चंद्राकर की इस कार्रवाई को स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि स्वच्छता जैसे प्राथमिक कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ