Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

बागनारा में तेंदुए का आतंक, दो हमलों से ग्रामीणों में दहशत

NBP NEWS/अंबागढ़ चौकी,18 फरवरी 2026
जिला मोहला मानपुर अं चौकी में लगातार तेंदुआ की संख्या और आमद जंगल अनुकूल होने से  बढ़ते जा रही है। अंबागढ़ चौकी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बागनारा में इन दिनों तेंदुए की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है। जंगल से लगे एक फार्म हाउस में शनिवार और मंगलवार की रात तेंदुए ने दो अलग-अलग घटनाओं में दो पालतू कुत्तों को अपना शिकार बना लिया। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद गांव में दहशत फैल गई है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। विभाग द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिला वनमण्डलाधिकारी दिनेश पटेल के अनुसार जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का वन क्षेत्र वन्यजीवों के अनुकूल होता जा रहा है। पिछले वर्ष अक्टूबर-नवंबर माह में जिले के अलग-अलग स्थानों पर आठ से दस बार तेंदुए के देखे जाने की पुष्टि हुई थी। जिले में तेंदुए की संख्या और आमद में निरंतर वृद्धि हो रही है। भोजन की तलाश में तेंदुए कई बार बस्तियों के समीप पहुंच जाते हैं और कुत्ते, बछड़े, मुर्गियां तथा बकरियों जैसे छोटे पशुओं को निशाना बनाते हैं।
श्री पटेल के अनुसार वन परिक्षेत्र अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत बागनारा में भी तेंदुआ शिकार की नीयत से पहुंचा था। विभाग द्वारा अन्य पालतू पशु के नाम पर मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रभावित परिवार को शासन की नियमानुसार सहायता प्रदान की जा सके।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, बच्चों और पालतू पशुओं को सुरक्षित रखें तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। साथ ही गांवों में सामूहिक सतर्कता बरतने और जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने एवं तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है, ताकि गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके। फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार निगरानी में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ