Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कटनी में महिला सेना पुलिस भर्ती रैली 23 फरवरी को, छत्तीसगढ़ की 33 जिलों की अभ्यर्थी होंगी शामिल


NBP NEWS/मोहला, 02 फरवरी 2026।
सेना भर्ती कार्यालय, जबलपुर (मध्य प्रदेश) द्वारा भारतीय सेना में महिला सेना पुलिस (Women Military Police) पद हेतु भर्ती रैली का आयोजन 23 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह भर्ती रैली पुलिस ग्राउंड झिन्झारी, कटनी (मध्य प्रदेश) में संपन्न होगी।

इस भर्ती रैली में सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) के अंतर्गत आने वाले छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की वे महिला अभ्यर्थी भाग लेंगी, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) में सफलता प्राप्त की है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना द्वारा 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 के मध्य ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण महिला उम्मीदवारों को ही भर्ती रैली के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य चयन प्रक्रियाओं में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
शारीरिक दक्षता परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन में सफल महिला अभ्यर्थियों की चिकित्सा जांच 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल, जबलपुर में आयोजित की जाएगी।

सेना भर्ती रैली में सम्मिलित होने वाली योग्य महिला उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, प्रवेश पत्र अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजे गए हैं।

भर्ती रैली में उपस्थित होने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, भर्ती अधिसूचना में उल्लेखित सभी आवश्यक मूल दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ