जिला मुख्यालय मोहला से कुछ दूरी पर स्थित दैविक स्थल चिखली पाट में मंगलवार दोपहर एक बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान खड़बत्तर निवासी लखन लाल मंडावी (गांव पटेल) उम्र 60 वर्ष के रूप में हुई है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को महाशिवरात्रि के लिए चिखली देव समिति की बैठक आयोजित थी, जिसमें 14 गांव बरोह के ग्रामीण एकत्रित हुए थे। लखन लाल मंडावी भी बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक स्थल पर पहुंचने से पहले वे समीप स्थित तालाब में स्नान करने गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
उधर बैठक चल रही थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचे। वहां उनके कपड़े मिले, लेकिन वे नजर नहीं आए। ग्रामीणों ने आसपास जंगल में भी तलाश की कही शौच हेतु तो नहीं गया, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। तालाब में डूबने की आशंका होने पर परिजनों को सूचना दी गई और बाद में मोहला थाना को खबर दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तालाब में तलाश शुरू की। तालाब गहरा होने के कारण प्रारंभिक प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद नगर सैनिक एसडीआरएफ (SDRF) की गोताखोर टीम को बुलाया गया। शाम अधिक होने के कारण खोज अभियान अगले दिन सुबह शुरू किया गया।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे गोताखोरों की टीम ने तलाश शुरू की और घंटों की मशक्कत के बाद लगभग 11:30 बजे मृतक का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
थाना प्रभारी मोहला कपिल देव चंद्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि श्री मंडावी अपने जीजा के घर करमतरा से लौटकर बैठक में पहुंचे थे। स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से उनकी डूबकर मौत हो गई। शव को बाहर नगर सैनिक की टीम ने निकाला।
पोस्टमार्टम मोहला मर्चुरी में कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम कर रहे चिकित्सक ने डूबने से मृत्यु की पुष्टि की है।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में शोक व्याप्त है।
0 टिप्पणियाँ