पंचायत विभाग ने जनकल्याण योजनाओं में लापरवाही और अनियमितता के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत परालखर्री के ग्राम रोजगार सहायक जितेन्द्र कुमार कुमेटी की सेवा समाप्त कर दी है। यह कार्रवाई जनपद पंचायत मानपुर द्वारा जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हितग्राही रामुलाबाई धुर्वे को आवास निर्माण के लिए 30,000 रुपये की किश्त राशि का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत ग्राम सभा की बैठक दिनांक 04 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रोजगार सहायक द्वारा हितग्राही से 2-3 बार अंगूठा लगवाया गया, लेकिन राशि का भुगतान नहीं किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत स्तर पर जांच दल गठित किया गया। 29 अक्टूबर 2025 को स्थल सत्यापन किया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया, परंतु प्रस्तुत स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद प्राप्त तथ्यों और अपर्याप्त स्पष्टीकरण के आधार पर कलेक्टर एवं कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा के अनुमोदन से जनपद पंचायत मानपुर ने सेवा समाप्ति की कार्रवाई की।
जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर ने स्पष्ट किया है कि जनकल्याण योजनाओं की राशि समय पर और पारदर्शी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई को जिले में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0 टिप्पणियाँ