Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कोरबा में 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण संपन्न, 30 प्रतिभागियों ने लिया लाभ

NBP NEWS/कोरबा,18 फरवरी 2026
जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एमपी नगर, कोरबा में 15 जनवरी 2026 से 27 जनवरी 2026 तक जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त प्रयास से संचालित Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। योजना का उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों की उत्पादकता में वृद्धि करना, उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाना, बाजार तक उनकी पहुंच सुदृढ़ करना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है।
भावसर फाउंडेशन की पहल

कार्यक्रम का आयोजन भावसर फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसमें जिले के 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण का संचालन अनुभवी उद्यमिता विकास प्रशिक्षक श्री डोमेन्द्र वर्मा ने किया। उन्होंने सहभागितापूर्ण एवं व्यावहारिक शैली में प्रशिक्षण देते हुए प्रतिभागियों को व्यवसाय की बारीकियों से अवगत कराया।
इन विषयों पर मिला मार्गदर्शन

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिनमें—

RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ
उद्यमिता विकास एवं MSME क्षेत्र में उभरते अवसर
वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंक प्रक्रिया
डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और बाजार तक पहुंच
कौशल विकास प्रशिक्षण एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाएं
प्रशिक्षण का मुख्य फोकस युवाओं को व्यवसाय प्रारंभ करने, उसे टिकाऊ और लाभकारी बनाने तथा सरकारी योजनाओं से जोड़ने की व्यावहारिक समझ विकसित करना रहा।

सवाल-जवाब सत्र में दिखा उत्साह

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने वित्तीय प्रबंधन, दस्तावेजीकरण प्रक्रिया, व्यवसायिक योजना निर्माण, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण एवं मार्केट लिंकेज जैसे विषयों पर जिज्ञासाएं रखीं। प्रशिक्षक द्वारा सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान किया गया, जिससे प्रतिभागियों की समझ और अधिक स्पष्ट हुई।
आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम

समापन अवसर पर संजय ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में अपने व्यवसाय की सफल शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित करते हैं और जिले में आर्थिक गतिविधियों को नई गति देते हैं।

यह 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल उद्यमिता को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में उभरा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ