Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

दोस्त ने ही ली दोस्त की जान: विजयपुर में हंसिए से प्राणघातक हमला, आरोपी गिरफ्तार

NBP NEWS/मोहला, 02 फरवरी 2026
जिले के मोहला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजयपुर में दोस्ती और भरोसे के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त पर धारदार हंसिए से पीछे से प्राणघातक वार कर दिया, जिससे घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
घटना रविवार रात लगभग आठ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम विजयपुर निवासी प्रवीण भुआर्य रविवार को गांव में आयोजित एक परिवार के छठी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने साथी निलेश कुमार के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों ने देखा कि उनका मित्र लोमस मंडावी गांव के ही विजय नामक व्यक्ति के साथ झगड़ा कर रहा है। हालात बिगड़ते देख प्रवीण और निलेश ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया और लोमस मंडावी को उसके घर तक सुरक्षित छोड़ दिया।
लोमस को घर छोड़ने के बाद प्रवीण और निलेश जैसे ही वापस लौट रहे थे, तभी लोमस मंडावी अचानक अपने घर से धारदार हंसिया लेकर निकला और पीछे से प्रवीण भुआर्य के पेट में जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी प्रत्यक्षदर्शी निलेश कुमार से मिली, जिसकी पुष्टि ग्रामीण संतु राम गांवर ने की। परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल प्रवीण को बेहोशी की हालत में मोहला स्थित शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

इधर, मोहला थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लोमस मंडावी भर्रीटोला से लौटने के बाद अपनी मां की डांट से आक्रोशित था, मां बेटे के बीच बहस और झगड़े हो रही थी। इसी दौरान पड़ोसी विजय सलामे बीच-बचाव करने पहुंचा, जिस पर आरोपी उससे भी उलझ गया और गाली-गलौच करने लगा। मामला बढ़ता देख अन्य युवक बीच-बचाव में पहुंचे, जिनमें प्रवीण, विमल, शिव और सौरभ शामिल थे।

स्थिति शांत होने के बाद सौरभ, विजय को उसके घर छोड़ने गया, जबकि प्रवीण और विमल आरोपी लोमस को उसके घर लेकर गए। इसी दौरान आवेश में आकर लोमस ने “मुझे छुड़ाते हो, मुझे बोलते हो” कहते हुए घर से हंसिया उठाई और प्रवीण पर जानलेवा हमला कर दिया।

घटना के बाद घायल को मोहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही मोहला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की। जांच में अपराध पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया, गवाहों के बयान दर्ज किए गए। आरोपी के घर पर मौजूद होने की पुष्टि के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त हंसिया भी जब्त कर ली गई है।

अपराध स्वीकारने, हथियार की बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं एक पल के गुस्से में उजड़ गई दोस्ती ने एक परिवार से उसका भाई छीन लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ