रबी वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत “मेरी पॉलिसी मेरे हाथ” अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कलेक्टर कार्यालय के वीसी कक्ष में सोमवार किसानों को फसल बीमा पॉलिसी की प्रतियां वितरित कर अभियान की शुरुआत की।
कलेक्टर प्रजापति ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़ना प्राथमिकता है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं या अन्य कारणों से फसल क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि “मेरी पॉलिसी मेरे हाथ” अभियान का उद्देश्य बीमाकृत किसानों तक उनकी बीमा पॉलिसी की प्रति सीधे पहुंचाना और योजना के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, कृषि विभाग से एडीए सुरेश सिक्या तथा बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के जिला अधिकारी संतोष कुमार, मनेश भैंसारे, सत्येन्द्र कोसरे और लोचन दास बंजारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रबी वर्ष 2025-26 के लिए अधिसूचित फसलें व प्रीमियम
रबी सीजन में चना, अलसी, राई-सरसों और गेहूं (सिंचित एवं असिंचित) फसलों को अधिसूचित किया गया है।
चना: 43,000 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमांकित राशि, 645 रुपये प्रीमियम
अलसी: 21,000 रुपये बीमांकित राशि, 315 रुपये प्रीमियम
राई-सरसों: 25,000 रुपये बीमांकित राशि, 375 रुपये प्रीमियम
गेहूं (सिंचित): 46,000 रुपये बीमांकित राशि, 690 रुपये प्रीमियम
गेहूं (असिंचित): 27,000 रुपये बीमांकित राशि, 405 रुपये प्रीमियम प्रति हेक्टेयर
अधिकारियों ने किसानों को योजना की विशेषताओं, दावा प्रक्रिया और समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी। किसानों से अपील की गई कि वे समय पर पंजीयन कराकर योजना का लाभ उठाएं और अपनी फसल को बीमा सुरक्षा प्रदान करें।
जिले में “मेरी पॉलिसी मेरे हाथ” अभियान के माध्यम से फसल बीमा योजना की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि प्रत्येक पात्र किसान को बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।
0 टिप्पणियाँ