Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

महाराष्ट्र बॉर्डर के सुदूर गांवों में पहुंचा "सर्विस ऑन व्हील्स", दिव्यांगों को घर के पास मिली सुविधा

NBP NEWS/अंबागढ़ चौकी, 27 फरवरी 2026।
कलेक्टर महोदया के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नवाचार “सर्विस ऑन व्हील्स – दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ” के अंतर्गत विकासखंड अंबागढ़ चौकी में क्लस्टर स्तरीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर महाराष्ट्र सीमा से लगे सुदूर ग्राम पंचायत चिल्हाटी में आयोजित हुआ, जहां आसपास के गांवों के दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को घर के नजदीक ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
24 फरवरी 2026 को आयोजित इस शिविर में क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत चिल्हाटी, कोरचाटोला एवं सोनसायटोला के हितग्राहियों ने भाग लिया। दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां के ग्रामीणों को सामान्यतः शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने में कठिनाई होती है, लेकिन सेवा रथ के माध्यम से प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचा, जिससे हितग्राहियों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत निम्न सेवाएं प्रदान की गईं—
🔴 DLC भौतिक सत्यापन – 11 प्रकरण
🔴 वॉकिंग स्टिक वितरण – 32 हितग्राही
🔴 श्रवण यंत्र वितरण – 11 हितग्राही
🔴 व्हीलचेयर वितरण – 03 हितग्राही
🔴 ट्राइसाइकिल वितरण – 02 हितग्राही
🔴 वय वंदन कार्ड निर्माण – 12 हितग्राही
🔴 आयुष्मान कार्ड वितरण – 20 हितग्राही
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों का मौके पर पंजीयन, सत्यापन एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर त्वरित लाभ प्रदान किया गया। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाने से उनकी दैनिक जीवन की गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी सेवाओं के लिए भी दूर ब्लॉक मुख्यालय तक जाना पड़ता था, लेकिन अब “सर्विस ऑन व्हील्स” के माध्यम से सुविधाएं सीधे गांव तक पहुंच रही हैं।

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को योजनाओं का लाभ समय पर और सरलता से मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ