Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: कृषक उन्नति योजना से 40,516 किसानों के खातों में पहुँची 145.63 करोड़ की अंतर राशि


NBP NEWS/ मोहला, 28 फरवरी 2026।
होली पर्व से ठीक पहले जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के किसानों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रहंगी में आयोजित कृषक उन्नति योजना के आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की।
इसी क्रम में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के 40,516 किसानों के बैंक खातों में कुल 14 हजार 563 लाख 6 हजार रुपए (लगभग 145.63 करोड़ रुपए) की अंतर राशि सीधे अंतरित की गई। राशि मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल है और उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा – किसानों के सम्मान का दिन
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह दिन किसान भाइयों के सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत का वादा धरातल पर उतारा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि किसान भाई होली का त्योहार धूमधाम से मना सकें, इसलिए त्योहार से पहले अंतर राशि जारी की गई। इस वर्ष न तो बारदाने की कमी हुई और न ही भुगतान में देरी, जिससे किसानों को समय पर लाभ मिल सका।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

जिला पंचायत मोहला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि आदान सहायता राशि का वितरण अन्नदाता किसानों के सम्मान का प्रतीक है। होली से पूर्व राशि मिलने से पर्व की खुशियां दोगुनी हो गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी किसानों को होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
जिले में धान खरीदी का विवरण

जिले में कुल 19 समितियों के 27 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 40,516 किसानों ने 62,440.450 हेक्टेयर रकबे से धान विक्रय किया। कुल 20,23,933.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई।

धान खरीदी की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल राशि 4 अरब 81 करोड़ 78 लाख 87 हजार 206 रुपए का भुगतान पूर्व में ही किया जा चुका था। इसके अतिरिक्त अब अंतर राशि के रूप में 145.63 करोड़ रुपए किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर किए गए हैं।
विकासखंडवार लाभान्वित किसानों का विवरण

विकासखंड मोहला

किसान: 12,836

रकबा: 21,001.620 हेक्टेयर

खरीदी: 6,22,218.00 क्विंटल

वितरित राशि: 14,816.77 लाख रुपए

अंतर राशि: 4,471.99 लाख रुपए

विकासखंड मानपुर

किसान: 10,892

रकबा: 18,218.780 हेक्टेयर

खरीदी: 6,17,952.00 क्विंटल

वितरित राशि: 14,715.14 लाख रुपए

अंतर राशि: 4,441.37 लाख रुपए

विकासखंड अंबागढ़ चौकी

किसान: 16,788

रकबा: 23,220.050 हेक्टेयर

खरीदी: 7,83,763.20 क्विंटल

वितरित राशि: 18,646.97 लाख रुपए

अंतर राशि: 5,649.69 लाख रुपए


किसानों में खुशी की लहर

होली से पहले खाते में अंतर राशि पहुंचने से किसानों में खुशी की लहर है। किसानों का कहना है कि सरकार ने अपना वादा निभाया है और समय पर भुगतान से उन्हें खेती-किसानी और पारिवारिक जरूरतों में सहूलियत मिलेगी।

कृषक उन्नति योजना के तहत मिली इस सौगात ने जिले के किसानों के लिए होली का पर्व और भी खास बना दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ